श्री रामावतार शर्मा ने 31.07.2026 (पूर्वाहन) को गुजरात, अहमदाबाद में महालेखाकार (लेखापरीक्षा-II) का पदभार संभाला। इससे पूर्व, वे जयपुर, राजस्थान में महालेखाकार (लेखापरीक्षा-I) के पद पर कार्यरत थे। वे भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा सेवा (IA&AS) के 2003 बैच के अधिकारी हैं।
उन्होंने अपने लोक सेवा करियर की शुरुआत दिल्ली में सहायक पुलिस आयुक्त के रुप में की और बाद में वे भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा सेवा (IA&AS) में शामिल हो गए। अपने विशिष्ट करियर के दौरान, उन्होंने कोहिमा, बड़ौदा और दिल्ली में उप महालेखाकार/निदेशक, लेखापरीक्षा के रुप में कार्य किया, जहाँ वे राज्य सरकार, पेट्रोलियम और टेलीकॉम सेक्टर के लेखापरीक्षा से जुड़े रहे। उन्होंने राष्ट्रीय लेखापरीक्षा और लेखा अकादमी (NAAA), शिमला में निदेशक और वाशिंगटन डी.सी., अमेरिका में भारतीय दूतावास के प्रधान निदेशक, लेखापरीक्षा के कार्यालय में निदेशक, लेखापरीक्षा के तौर पर भी कार्य किया। इसके बाद उन्होंने राजस्थान और बिहार में महालेखाकार के तौर पर सेवाएं दीं।
दुनिया भर में विभिन्न भारतीय मिशनों और सार्वजनिक क्षैत्र के उपक्रमों (PSU) की लेखापरीक्षा के अलावा, श्री शर्मा को रूस, तुर्की और ऑस्ट्रिया में इंटरनेशनल ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ़ माइग्रेशन (IOM) के साथ-साथ न्यूयॉर्क में यूनिसेफ(UNICEF) के मुख्यालय और चीन, म्यांमार, इंडोनेशिया, घाना, बुर्किना फासो और सेनेगल में इनके क्षैत्र कार्यालय की लेखापरीक्षा का व्यापक अनुभव है।
उन्होंने IIM अहमदाबाद, iCED जयपुर, iCISA नोएडा, राष्ट्रीय लेखा अकादमी, कुआलालंपुर (मलेशिया) और बर्कले यूनिवर्सिटी(कैलिफ़ोर्निया) में आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लिया है।
वे वित्तिय लेखापरीक्षा के लिए प्रमाणित ISSAI मार्गदर्शक हैं और ASOSAI की ओर से बैंकॉक और टोक्यो में इसके लिए कोर्स मॉड्यूल में हिस्सा लिया है और उन्हें डिज़ाइन किया है।

